अफगानिस्तान ने हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें अनुभवी ऑलराउंडर गुलबदीन नायब को कप्तान बनाया गया है।
हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट के लिए अफगानिस्तान ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। अनुभवी ऑलराउंडर गुलबदीन नायब को टीम की कमान सौंपी गई है। अफगानिस्तान की टीम इस टूर्नामेंट में अपने आक्रामक खेल के दम पर विरोधियों को चुनौती देने उतरेगी।हांगकांग सिक्सेस 2026 का आयोजन 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक हांगकांग के टिन क्वांग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड में किया जाएगा। टूर्नामेंट में सात सदस्यीय अफगानिस्तानी टीम की अगुआई नायब करेंगे। टीम में फरमानुल्लाह सफी, इमरान मीर, अब्दुल रहमान, करीम जनत जैसे खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
अफगानिस्तान को ग्रुप-D में साउथ अफ्रीका और ओमान के साथ रखा गया है। टीम के पास इंटरनेशनल क्रिकेट का अनुभव रखने वाले खिलाड़ियों के साथ आक्रामक अंदाज में खेलने वाले क्रिकेटर भी हैं। ऐसे में अफगानिस्तान की कोशिश होगी कि वह अपने तेजतर्रार खेल से टूर्नामेंट में मजबूत छाप छोड़े।
6 ओवर के मैच में चौकों-छक्कों की होगी बरसात
हांगकांग सिक्सेस का फॉर्मेट पारंपरिक क्रिकेट से काफी अलग है। इसमें मैदान पर एक टीम के 6 खिलाड़ी उतरते हैं और हर पारी में 6 ओवर खेले जाते हैं। अफगानिस्तान की टीम अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और मैदान पर ऊर्जा के लिए जानी जाती है। गुलबदीन नायब की अगुआई में टीम इसी स्टाइल को हांगकांग में भी दिखाना चाहेगी। टूर्नामेंट में दुनिया भर की टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे मुकाबलों में रोमांच और प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद है। अफगानिस्तान से पहले भारत और पाकिस्तान समेत कई टीमें अपने स्क्वाड का ऐलान कर चुकी हैं।
भारत में होगा टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण
क्रिकेट हांगकांग, चीन के कमर्शियल और मार्केटिंग निदेशक अनुराग भटनागर ने अफगानिस्तान की टीम के ऐलान पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान ने लगातार खेल में जबरदस्त ऊर्जा और प्रतिस्पर्धी भावना दिखाई है और हमें हांगकांग सिक्सेस 2026 में उसकी टीम का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। अफगानिस्तान की आक्रामक शैली इस रोमांच को और बढ़ाएगी। हम टीम के स्वागत और फैंस को क्रिकेट का यादगार अनुभव देने के लिए उत्सुक हैं। बता दें, भारत में हांगकांग सिक्सेस 2026 के मुकाबलों का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग फैन कोड पर उपलब्ध रहेगी।
हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए अफगानिस्तान की टीम: गुलबदीन नायब (कप्तान), फरमानुल्लाह सफी, इमरान मीर, अब्दुल रहमान, करीम जनत, नांगेयालिया खारोटे और सदीकुल्लाह पाचा।
