बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले के सिंघौल थाना क्षेत्र के कैलाशपुर गांव से काम की तलाश में उत्तर प्रदेश गया 17 वर्षीय इंद्रजीत कुमार संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों के मुताबिक, इंद्रजीत उत्तर प्रदेश में जेसीबी का काम करने की बात कहकर घर से निकला था। वह पहले माणिकपुर पहुंचा और वहां से बस के जरिए बांदा जाने के लिए रवाना हुआ। इसके बाद उससे परिवार का संपर्क टूट गया। उसका मोबाइल फोन बंद आने के कारण परिजन काफी परेशान हैं और अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, इंद्रजीत कुमार पिता नेपो पासवान, निवासी कैलाशपुर, वार्ड नंबर 04, थाना सिंघौल, जिला बेगूसराय का रहने वाला है। परिवार के मुताबिक, वह 1 नवंबर 2026 को काम के सिलसिले में घर से उत्तर प्रदेश के लिए निकला था। 2 नवंबर को वह माणिकपुर पहुंचा। वहां से उसने बस के माध्यम से बांदा जाने की बात कही थी। इस दौरान उसकी अपने परिवार और काम से जुड़े व्यक्ति से बातचीत भी हुई थी, लेकिन इसके बाद अचानक उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।
परिजनों के अनुसार, इंद्रजीत का मोबाइल नंबर 7667763432 है। जिस व्यक्ति के यहां काम के सिलसिले में जाने की बात बताई गई थी, उसका मोबाइल नंबर 95705905274 बताया गया है। परिवार का कहना है कि आखिरी बातचीत के बाद से इंद्रजीत के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। रिश्तेदारों और परिचितों से भी उसकी तलाश के लिए संपर्क किया गया, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।
लापता इंद्रजीत की पहचान के लिए परिजनों ने उसके पहनावे की जानकारी भी दी है। घर से निकलते समय उसने काली शर्ट और काली जींस पहन रखी थी। उसकी उम्र महज 17 वर्ष है। मां जीरा देवी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार उसके लौटने का इंतजार कर रहे हैं।
इंद्रजीत के भाई मिथुन कुमार ने बताया कि भाई काम करने के लिए उत्तर प्रदेश जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिवार को उम्मीद थी कि वह काम पर पहुंचकर फोन करेगा, लेकिन अचानक मोबाइल बंद हो जाने से सभी की चिंता बढ़ गई। काफी प्रयासों के बावजूद जब उसका पता नहीं चला तो परिवार ने पुलिस की मदद लेने का फैसला किया।
परिजनों ने इस संबंध में पुलिस में प्राथमिकी भी दर्ज कराई है, लेकिन उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक इंद्रजीत का कोई पता नहीं चल पाया है। परिवार का कहना है कि बेटे की उम्र कम है और वह पहली बार काम के सिलसिले में बाहर गया था। ऐसे में उसकी सुरक्षित बरामदगी उनके लिए सबसे बड़ी चिंता है।
अब परिजनों ने बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक से मामले को गंभीरता से लेते हुए इंद्रजीत कुमार की तलाश कराने और उत्तर प्रदेश में संबंधित स्थानों पर जानकारी जुटाकर उसे जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद कराने की मांग की है।
परिवार ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को 17 वर्षीय इंद्रजीत कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे तो तत्काल उसके परिजनों अथवा पुलिस को सूचित करें। परिवार को अब भी उम्मीद है कि उनका बेटा सुरक्षित वापस घर लौट आएगा।
