20.2 C
Munich
Thursday, August 20, 2026

6 साल बाद घर वापसी! बच्चों के साथ ब्रिटेन लौटेंगे प्रिंस हैरी और मेगन, क्या संभालेंगे शाही जिम्मेदारियां?

Must read

प्रिंस हैरी और मेगन ने 2020 में शाही सदस्य की भूमिका से अलग होने का फैसला किया था और इसके बाद में कैलिफोर्निया के मोंटेसिटो क्षेत्र में बस गए थे। अब 6 साल से ज्यादा समय के बाद उनके ब्रिटेन लौटने की खबरों ने नई चर्चा छेड़ दी है।
लंदन: ब्रिटेन के शाही परिवार से अलग होने के 6 साल बाद प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन ने ब्रिटेन लौटने का फैसला किया है लेकिन वे शाही परिवार के कामकाजी सदस्यों के रूप में अपनी भूमिकाएं दोबारा नहीं संभालेंगे। समाचारपत्र ‘डेली टेलीग्राफ’ की खबर के अनुसार, दंपति के बच्चों 7 वर्षीय प्रिंस आर्ची और 5 वर्षीय प्रिंसेस लिलिबेट का ब्रिटेन के स्कूलों में एडमिशन हो चुका है और वे सितंबर से अपनी पढ़ाई शुरू करेंगे। खबर के मुताबिक, यह परिवार लंदन के बाहर एक निजी आवास में रहेगा।

शाही जिम्मेदारियां छोड़ कैलिफोर्निया चले गए थे कपल
हैरी और मेगन ने 6 साल से ज्यादा समय पहले शाही जिम्मेदारियां छोड़ दी थीं और आर्थिक रूप से स्वतंत्र जीवन जीने के लिए कैलिफोर्निया चले गए थे। ब्रिटिश मीडिया में इस घटनाक्रम को उस समय “मेग्जिट” (Megxit) नाम दिया गया था। कैलिफोर्निया में उन्होंने ‘नेटफ्लिक्स’ और ‘स्पॉटिफाई’ जैसी कंपनियों के साथ आकर्षक करार किए थे। इसके बाद ब्रिटेन के शाही परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उनके रिश्तों में तल्खी आई, लेकिन ऐसी खबरें सामने आईं कि हैरी ने सुलह की इच्छा जताई है ताकि वह अपने पिता किंग चार्ल्स III के साथ ज्यादा समय बिता सकें।

किंग चार्ल्स दी गई जानकारी
किंग चार्ल्स बीमार हैं और उनका कैंसर का इलाज चल रहा है। किंग चार्ल्स को रविवार को प्रिंस हैरी और मेगन के ब्रिटेन लौटने के प्लान की जानकारी दी गई। हालांकि, पिछले महीने हैरी और मेगन की ब्रिटेन यात्रा के दौरान उन्हें इस बारे में नहीं बताया गया था। बकिंघम पैलेस की गैर-कामकाजी शाही सदस्यों से जुड़ी अटकलों पर टिप्पणी नहीं करने की नीति है। ऐसे में हैरी और मेगन के प्रतिनिधि ने भी इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

प्रिंस हैरी और मेगन
ब्रिटेन छोड़कर अमेरिका में क्यों बस गए थे कपल?
हैरी और मेगन के ब्रिटेन छोड़कर अमेरिका जाने के बाद से ही शाही परिवार के साथ उनके संबंध उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं। कैलिफोर्निया के मोंटेसिटो इलाके में रहने के बाद दोनों ने कई इंटरव्यू और हैरी की आत्मकथा ‘स्पेयर’ में शाही जीवन की पाबंदियों की आलोचना की थी। कपल ने आरोप लगाया था कि महल के अधिकारियों ने मेगन के मेंटल हेल्थ संबंधी परेशानियों के प्रति संवेदनशीलता नहीं दिखाई। उन्होंने यह भी दावा किया था कि मेगन जब प्रेग्नेंट थीं, उस दौरान शाही परिवार के एक सदस्य ने नस्लीय टिप्पणी की थी। मेगन खुद को मिश्रित नस्लीय पृष्ठभूमि का बताती हैं।

परिवार के साथ संबंध सुधारना चाहते हैं प्रिंस हैरी
इन तनावों के बीच हैरी का ब्रिटेन के अखबारों के खिलाफ कानूनी संघर्ष भी लंबे समय तक चला। हैरी का आरोप था कि मीडिया ने उनके फोन अवैध तरीके से हैक किए और उनकी प्राइवेसी का उल्लंघन किया। हालांकि, उन्हें मीडिया के खिलाफ कई मुकदमों में हार का सामना करना पड़ा। हैरी ब्रिटेन की सरकार के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कानूनी विवाद में भी उलझे हुए हैं। सरकार की एक समिति ने ब्रिटेन यात्रा के दौरान उन्हें और उनके परिवार को पुलिस सुरक्षा देने से इनकार कर दिया था। हैरी का कहना है कि शाही परिवार का सदस्य होने के कारण उन्हें और उनके परिवार को सशस्त्र सुरक्षा की जरूरत है, भले ही वे आधिकारिक शाही जिम्मेदारियां नहीं निभा रहे हों।

पिछले साल सुरक्षा मामले में कानूनी लड़ाई हारने के बाद हैरी ने कहा था कि वह अपने परिवार के साथ संबंध सुधारना चाहते हैं। उन्होंने कहा था, ”मैं अपने परिवार के साथ सुलह करना चाहता हूं। अब और लड़ते रहने का कोई मतलब नहीं है। मुझे नहीं पता कि मेरे पिता के पास कितना समय बचा है।”

शाही परिवार में आएगा तूफान?
सुलह की दिशा में उठाया गया एक शुरुआती कदम पिछले महीने तब देखने को मिला, जब हैरी धर्मार्थ कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए ब्रिटेन लौटे थे। मेगन और बच्चे भी यात्रा के एक हिस्से में उनके साथ थे और उन्होंने पश्चिमी इंग्लैंड स्थित हाईग्रोव एस्टेट में महाराजा चार्ल्स से मुलाकात की थी। वर्ष 2022 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के प्लेटिनम जुबली समारोह के बाद यह पहली बार था जब आर्ची और लिलिबेट ने अपने दादा से मुलाकात की। हालांकि, हैरी की अपने पिता से मुलाकात के बावजूद उनके अपने बड़े भाई और सिंहासन के उत्तराधिकारी प्रिंस विलियम के साथ संबंधों में सुधार के कोई संकेत नहीं मिले हैं। बीबीसी के पूर्व शाही संवाददाता पीटर हंट ने कहा कि अचानक की गई इस घोषणा से विलियम ”बेहद नाराज’ हो सकते हैं।

वहीं, आपको बता दें कि सितंबर 2022 में ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की मौत के कारणों का सनसनीखेज दावा सामने आया था, जिसमें प्रिंस हैरी को महारानी की मौत की वजह बताया गया था।

- Advertisement -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Latest article