बिहार की राजधानी पटना के पंचरुखिया थाना क्षेत्र के खरपड़ी गांव में एक भैंस के बकाया एक लाख रुपये के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भैंस खरीद-बिक्री के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में 18 जून 2026 की आधी रात को घर में घुसकर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
एक लाख रुपए था बकाया
मृतका की पहचान खरपड़ी गांव निवासी रानी देवी (45 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार लगभग एक वर्ष पूर्व संजय पासवान ने वीरू पासवान से ढाई लाख रुपये में एक भैंस खरीदी थी। इस सौदे में डेढ़ लाख रुपये का भुगतान पहले ही कर दिया गया था, जबकि एक लाख रुपये बकाया था। इसी बकाया राशि को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
कहासुनी में चला दी गोली
मृतका के पुत्र ने बताया कि गुरुवार की देर रात करीब दो बजे वीरू पासवान अपने दो सहयोगियों के साथ उनके घर पहुंचा। वहां उसने बकाया एक लाख रुपये की मांग की। इसी दौरान वीरू पासवान और संजय पासवान के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में हथियार निकाल लिया और संजय पासवान को निशाना बनाकर गोली चला दी। हालांकि संजय पासवान बाल-बाल बच गए, लेकिन गोली उनकी पत्नी रानी देवी को जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। परिवार के लोग आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
